जन्माष्टमी पर सजेगा बाबा श्याम का दरबार,
रात 12 बजे होगी महाआरती
खाटूश्यामजी : कस्बे की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूधाम में बाबा श्याम के दरबार में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर दिनभर श्रद्धालुओं को बाबा श्याम के दर्शन होंगे। रात्रि 10 बजे बाबा श्याम के पर्दा कर विशेष सेवा-पूजा के तहत पंचामृत स्नान करवाया जाएगा।इसके बाद रात्रि 12 बजे महाआरती होगी तथा पंजीरी का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए प्रशासन व पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
खाटूश्यामजी-रींगस मार्ग को नो व्हीकल जोन रखा जाएगा वहीं तोरणद्वार पर आतिशबाजी करने पर प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के लिए डीवाईएसपी राजेश कुमार जांगिड़ एवं थानाधिकारी इन्द्राज मरोडिया के नेतृत्व में पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहेगा। इसके अलावा आरएसी के जवान और होमगार्ड्स भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहेंगे।किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी उपलब्ध रहेंगी। पुलिस एवं प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं में सहयोग करने तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?

