हर हाथ को हुनर, हर घर को रोजगार : भजनलाल शर्मा
लखपति दीदियां हमारे अग्रणी राजस्थान की उभरती हुई तस्वीर
जयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लखपति दीदियां हमारे अग्रणी राजस्थान की उभरती हुई तस्वीर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महिलाओं को सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को लखपति दीदी योजना के माध्यम से पूरा किया जा रहा है तथा अब प्रदेश की लखपति दीदियां मिलेनियर दीदियां बनने की ओर अग्रसर हैं। शर्मा रविवार को हरिश्चंद्र माथुर राजस्थान लोक प्रशासन संस्थान (ओटीएस) में लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजीविका हमारी बहनों के सशक्तीकरण, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की अहम कड़ी के साथ ही गांवों में सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का माध्यम बन रहा है।
हमारी सरकार का संकल्प है कि ‘हर हाथ को हुनर, हर घर को रोजगार’ मिले और राजीविका इस संकल्प को पूरा करने का सबसे सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री ने संघर्ष और सफलता की प्रेरणा बनी बहनों का उल्लेख करते हुए कहा कि जयपुर के फागी की सुशीला देवी ने पारंपरिक ब्लू पॉटरी कला को अपनाकर अपने सीमित संसाधनों में भी जीवन को नई दिशा दी। स्वयं सहायता समूह के सहयोग से उत्पादन बढ़ाने के बाद उन्होंने अपने उत्पादों को आदिवासी मेलों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचाया। इसी तरह सरिता कंवर ने राजीविका के माध्यम से सिलाई व्यवसाय शुरू किया और धीरे-धीरे घरेलू उद्योग स्थापित किया। करौली जिले की अरुणा शर्मा ने प्रशिक्षण प्राप्त कर बेकरी व्यवसाय शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने नए उत्पाद विकसित किए और अब उनके उत्पाद दूसरे जिलों और राज्य के बाहर लगने वाले मेलों में भी बिकते हैं। उन्होंने कहा कि ये कहानियां महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा की प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रदेश में 19 लाख 45 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर 12 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गईं।
देश में आधी आबादी को मिल रहा पूरा हक
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधी आबादी को पूरा हक मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से महिलाओं के सम्मान को बढ़ाया है। इसी तरह नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पशुपालकों को दूध पर 5 रुपए प्रति लीटर का बोनस प्रदान कर रही है तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के नौनिहालों को पोषण के लिए दूध भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
What's Your Reaction?

