हथियारों के साथ घर में घुसा कच्छा-बनियान गिरोह
6 बदमाश कॉलोनी में घूमते नजर आए
जयपुर। जयपुर में कच्छा-बनियान गिरोह के 6 बदमाशों ने शुक्रवार देर रात एक मकान में घुसने की कोशिश की। बदमाशों के पास हथियार थे। हालांकि परिवार के लोगों के जागने पर बदमाश भाग गए। मामला सांगानेर थाना क्षेत्र का है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश सूर्य नगर तारों की कूट स्थित प्रेम कॉलोनी में घूमते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सांगानेर थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि बदमाशों ने खिड़कियां और दरवाजे खोलकर घर के अंदर प्रवेश करने की कोशिश की थी। इस दौरान घर में मौजूद लोगों को आहट सुनाई दी और वे जाग गए।
लोगों के जागने पर आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। अलग-अलग इलाकों के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर ने जारी किए विशेष निर्देश
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर जयपुर सचिन मित्तल ने शहर के सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि जयपुर शहर में कच्छा-बनियान गिरोह की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और गश्त बढ़ाई जाए। निदेर्शों के अनुसार सादा वेश में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर गैंग के सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में इस तरह की आपराधिक वारदातों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
What's Your Reaction?

