शाही लवाजमे के साथ निकली तीज माता की सवारी
पहली बार छोटी चौपड़ पर हुई महाआरती; ड्रोन से बरसाए फूल
जयपुर. राजधानी जयपुर में रविवार को विश्व प्रसिद्ध तीज माता की शाही सवारी लवाजमे के साथ निकाली गई। सिटी पैलेस के जनानी ड्योढ़ी से राजसी ठाठ-बाठ के साथ तीज की सवारी रवाना हुई। त्रिपोलिया गेट पर पूर्व राजपरिवार के सदस्य पद्मनाभ सिंह ने तीज माता की आरती की। इस दौरान ड्रोन से फूल बरसाए गए। सवारी त्रिपोलिया बाजार होते हुए छोटी चौपड़ पहुंची।
पहली बार छोटी चौपड़ पर तीज माता की महाआरती की गई। इसके बाद सवारी गणगौरी बाजार होते हुए चौगान स्टेडियम के पास पौंड्रिक उद्यान के लिए आगे बढ़ी। सवारी देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे। शाही सवारी में हाथी, ऊंट, घोड़े, बैल, शहनाई, नगाड़ा और विभिन्न बैंड शामिल रहे। करीब 200 लोक कलाकार कच्छी घोड़ी, गैर, कालबेलिया जैसे पारंपरिक नृत्य करते नजर आए। बहरूपिया भी अपनी कला का प्रदर्शन करते रहे। पुलिस, जेल और आरएसी के बैंड के साथ सवाई मान सिंह गार्ड का शाही बैंड भी शोभायात्रा में शामिल रहा। छोटी चौपड़ पर महाआरती के दौरान डिप्टी सीएम दीया कुमारी और अन्य नेता मौजूद रहे।
महाआरती में बागडे, देवनानी, दीया कुमारी रहीं शामिल
जयपुर में पहली बार तीज माता की शाही सवारी के दौरान छोटी चौपड़ पर महाआरती की गई। महाआरती के लिए मंच पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा समेत कई विधायक मौजूद रहे। तीज माता की सवारी को छोटी चौपड़ पर बने मंच के समीप ले जाया गया। यहां माता की भव्य महाआरती की गई। इसके बाद सवारी गणगौरी बाजार होते हुए पौंड्रिक उद्यान के लिए निकली।
What's Your Reaction?

