श्याम बाबा पार्श्वनाथ भगवान का वार्षिक उत्सव 14-15 नवंबर को

एक साल पहले आचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में मंदिर में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ था

Nov 12, 2026 - 20:19
 0  5
श्याम बाबा पार्श्वनाथ भगवान का वार्षिक उत्सव 14-15 नवंबर को

टोंक - श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर श्याम बाबा में विराजमान विशाल नौ फणी पार्श्वनाथ भगवान का प्रथम वार्षिक उत्सव 14 और 15 नवंबर को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। एक साल पहले आचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में मंदिर में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ था। इसी की वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले प्रथम वार्षिक उत्सव को लेकर जैन समाज में खासा उत्साह है।

प्रवक्ता राजेश अरिहंत ने बताया- वार्षिक उत्सव के कार्यक्रमों की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। इस दौरान सुबह क्षीरसागर से जल लाकर पार्श्वनाथ स्वामी, शांतिनाथ स्वामी, आदिनाथ स्वामी और महावीर स्वामी का विधि-विधान से जलाभिषेक किया गया। इसके बाद वृहद शांतिधारा संपन्न हुई।

धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नित्य नियम पूजा, शांतिनाथ स्वामी की पूजा, महावीर स्वामी की पूजा और 24 तीर्थंकर भगवान की पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से अर्घ्य और श्रीफल समर्पित कर परिवार व समाज की सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की। इस दौरान वार्षिक उत्सव के निमंत्रण पत्र को भगवान पार्श्वनाथ के श्रीचरणों में अर्पित कर आशीर्वाद लिया गया।

इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से वार्षिक उत्सव के निमंत्रण पत्र का विमोचन किया। समाज के लोगों ने विभिन्न घरों में जाकर निमंत्रण पत्र वितरित किए और अधिक से अधिक संख्या में उत्सव में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)