शहर के सर्वांगीण विकास का संकल्प: नरेन्द्र शर्मा

नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा की अभिनंदन यात्रा में उमड़ा जन सैलाब

Sep 27, 2026 - 19:11
 0  4
शहर के सर्वांगीण विकास का संकल्प: नरेन्द्र शर्मा
शहर के सर्वांगीण विकास का संकल्प: नरेन्द्र शर्मा

निवाई। नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा जयसिंहपुरा ने विधि-विधान एवं उत्साह के साथ अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा की अभिनंदन यात्रा का आयोजन हुआ। अभिनंदन यात्रा श्री राधादामोदर जी कुण्डों से रवाना हुई। जिसमें सैंकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अभिनंदन यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया। जगह जगह शहरवासियों एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा को माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। 

इस दौरान डीजे के गानों पर युवाओं ने जमकर ठूमके लगाए। भाजपा जिन्दाबाद, भजनलाल जिन्दाबाद एवं गौमाता जिन्दाबाद के जयकारों से आस-पास का वातावरण गुंजायमान हो गया। कार्यभार संभालते ही नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा ने क्षेत्रवासियों, समर्थकों व नागरिकों का दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर की जनता ने उन पर जो अटूट भरोसा व उम्मीदें जताई हैं, वह दिन-रात मेहनत करके उनके विश्वास पर खरा उतरेंगे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यह पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि आमजन की सेवा का माध्यम है और वह निवाई के प्रत्येक नागरिक के हित के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि निवाई क्षेत्र के चहुंमुखी विकास, स्वच्छता व व्यवस्था सुधार में किसी भी प्रकार की कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। नगर पालिका की कार्यप्रणाली को पारदर्शी व जवाबदेह बनाया जाएगा ताकि हर आम व्यक्ति की समस्या का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बस स्टैंड सीमित दायरे व अव्यवस्था से जूझ रहा है। 

इसलिए उनकी पहली प्राथमिकता बस स्टैंड का आधुनिक स्तर पर विस्तार करना एवं उसका सुनियोजित सौंदर्यीकरण करवाना है। बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था, छाया, पेयजल, आधुनिक रोशनी व स्वच्छ प्रसाधन जैसी मूलभूत सुविधाएं युद्धस्तर पर विकसित की जाएंगी, जिससे यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने शहर की यातायात समस्या को लेकर कहा कि शहर में लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए शहर के चारों ओर सुव्यवस्थित रिंग रोड का निर्माण कराया जाएगा। रिंग रोड से भारी व बाहरी वाहनों का आवागमन कस्बे के मुख्य बाजारों व अंदरूनी सडक़ों के बजाय सीधे बाहर से ही सुनिश्चित हो सकेगा।

 इससे मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा व प्रदूषण एवं दुर्घटनाओं की आशंका में भी भारी कमी आएगी। अध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा ने सभी पार्षदों, पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नगरवासियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे एवं आने वाले समय में निवाई को एक सुंदर, स्वच्छ एवं विकसित आदर्श नगर के रूप में पहचान दिलाई जाएगी। अभिनंदन यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए गणगोरी बाजार, कंकाली माताजी के मंदिर, खारी कुई बड़ा बाजार, पटेल रोड, बस स्टेण्ड व अहिंसा सर्किल होते हुए जमात नगर पालिका कार्यालय पहुंची।

 इस अवसर पर विधायक रामसहाय वर्मा, पूर्व जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी, पालिका उपाध्यक्ष जितेन्द्र चंवरिया, पूर्व प्रधान रामअवतार लांगड़ी, भाजपा शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा, जिला उपाध्यक्ष रमाकांत शर्मा, ताराचन्द गोयल, गिर्राज जाट, अंकित वर्मा, अजय पारीक, करणसिंह राजावत, नाथूसिंह किराड़, रामकेश मीणा, राजू मालावत, महेश तिवाडी, शंकरलाल सैनी, मोहित चंवरिया, मौला सेन, पूर्व प्रधान ममता जाट, जीतू विजय, जयनारायण कुमावत, रामचरण विजय, कैलाश नटवाड़ा, तुलसीराम करनानी व बुद्धराम मीणा सहित पार्षद, पार्टी के जन प्रतिनिधि, गौ भक्त एवं कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)