युवा शक्ति के विचार-नवाचार बढ़ते राजस्थान का आधार: भजनलाल शर्मा

युवा संवादः विकसित राजस्थान-2047

Aug 15, 2026 - 17:45
 0  4
युवा शक्ति के विचार-नवाचार बढ़ते राजस्थान का आधार: भजनलाल शर्मा

बीकानेर/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति के विचार, नवाचार, कौशल और उद्यमिता विकसित राजस्थान के आधार हैं। प्रदेश के युवा अपने सामथ्र्य और समर्पण से माता-पिता के सपनों को साकार करें। राज्य सरकार युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए आवश्यक सहयोग, संसाधन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवा रही है।

मुख्यमंत्री शनिवार को बीकानेर स्थित जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान के सभागार में आयोजित ‘विकसित राजस्थान 2047’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा राजस्थान की सबसे बड़ी शक्ति हैं और वे विकसित, आत्मनिर्भर एवं नए भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। कृषि, स्वास्थ्य, जल संरक्षण और जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं के तकनीक आधारित समाधान विकसित करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

रोजगार मांगने वाला नहीं, देने वाला बनेगा युवा

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसके लिए राजस्थान युवा नीति सहित 36 नीतियां लाई गई हैं तथा स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्थानीय उपज की प्रोसेसिंग इकाइयों से युवाओं को रोजगार के साथ-साथ उनके उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी और ई-मित्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सलाखों के पीछे पेपरलीक माफिया

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले पेपरलीक माफिया के खिलाफ सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने का काम किया है। अब तक 410 परीक्षाएं बिना पेपरलीक के आयोजित की गई हैं। करीब 1 लाख 78 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। निजी क्षेत्र में भी 4 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बीकानेर को दी  पीएम ई बसों की सौगात

मुख्यमंत्री ने सुगम एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बीकानेर में 5 नई पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और एक करोड़ युवाओं को एआई का प्रशिक्षण देने की घोषणा की है। साथ ही, ओलम्पिक में भारत के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज की जाएगी। मुख्यमंत्री ने संवाद कार्यक्रम में विभिन्न युवाओं से बातचीत की तथा युवाओं ने भी इस दौरान अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। 

कार्यक्रम में केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, विधायक जेठानंद व्यास, विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, अंशुमान सिंह भाटी, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)