पहाड़ी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भगवान अरहनाथ का वार्षिक उत्सव
विधि-विधान से पूजन शांतिधारा और सामूहिक कलशाभिषेक हुआ
निवाई। श्री सकल दिगम्बर जैन समाज पहाड़ी के तत्वावधान में भगवान अरहनाथ का वार्षिक उत्सव एवं सामूहिक मस्तकाभिषेक अत्यंत धूमधाम और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर आचार्य श्री सुंदर सागर महाराज के सानिध्य और आर्यिका श्री सुधन्नमति माताजी तथा आर्यिका श्री सुपथ्यमति माताजी के मंगलाचरण के बीच विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। उत्सव की शुरुआत ध्वजारोहण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात विधि-विधान से पूजन शांतिधारा और सामूहिक कलशाभिषेक संपन्न हुआ। आचार्यश्री के सानिध्य और माताजी के मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस धार्मिक आयोजन में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पारस पहाड़ी, मनोज पहाड़ी, महावीर जैन, कमल पहाड़ी, डालू जैन पहाड़ी और ज्ञानचंद जैन, पदम चंद, गजेंद्र, विमल चंद, डा. अजय सोगानी, बनवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। डालू जैन पहाड़ी, ज्ञान चंद पहाड़ी ने बताया की अनुष्ठानों के पूर्ण होने के बाद आयोजित भक्ति संगीत कार्यक्रम में जैन श्रद्धालुओं ने भजनों पर जमकर अपनी प्रस्तुतियां दीं और भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
What's Your Reaction?

