खाटूश्यामजी मेले में सुरक्षा का नया प्लान, होंगे 3 एग्जिट एरिया

रियलटाइम क्राउड मैनेजमेंट के लिए रींगस से मंडा तक सीसीटीवी कैमरे लगेंगे

Jan 18, 2026 - 23:54
Jan 19, 2026 - 00:12
 0  14
खाटूश्यामजी मेले में सुरक्षा का नया प्लान, होंगे 3 एग्जिट एरिया

खाटूश्यामजी. खाटूश्यामजी के वार्षिक लक्खी मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस बार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह नए सिरे से तैयार किया गया है। मेला क्षेत्र में अब दो नहीं बल्कि तीन एग्जिट एरिया बनाए जाएंगे,जबकि 75 फीट ग्राउंड पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा, जिससे पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम हो सके। इसके साथ ही रियलटाइम क्राउड मैनेजमेंट के लिए रींगस से मंडा तक उउळश् कैमरों का व्यापक नेटवर्क लगाया जाएगा, ताकि हर गतिविधि पर कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जा सके।

फरवरी महीने में आयोजित होने वाले खाटूश्यामजी वार्षिक फाल्गुनी मेले से पहले रविवार को पुलिस महकमे की बैठक आयोजित हुई। सीकर एसपी प्रवीण नायक ने खाटूश्यामजी पुलिस थाने में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की। इस मीटिंग में पुलिस की ओर से कई निर्णय किए गए हैं।
सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि आज की मीटिंग में एग्जिट एरिया बढ़ाने, 75 फीट ग्राउंड के एंट्रेंस पर ओवरब्रिज बनाने जैसे कई निर्णय लिए गए हैं।

2 नहीं 3 एग्जिट एरिया
पिछले कई सालों से मेले के दौरान 2 एग्जिट एरिया होते थे। इनमें 4 लाइनों का एग्जिट कबूतर चौक की तरफ और 10 लाइनों का एग्जिट कला भवन की तरफ रहता था। लेकिन इस बार कला भवन की तरफ जाने वाली 10 लाइनों में से चार लाइनों को गुवाड़ चौक से निकाला जाएगा। क्योंकि पिछले मेलों के दौरान देखा गया कि एक साथ 10 लाइनों का एग्जिट होने की वजह से कई बार भगदड़ जैसे हालात बने थे।

75 फीट ग्राउंड के एंट्रेंस पर नया ओवरब्रिज
 पिछले मेलों में देखा गया कि 40 फीट रास्ते से श्रद्धालुओं की लाइन 75 फीट ग्राउंड होते हुए मंदिर की तरफ आती थी। ऐसे में 75 फीट ग्राउंड पर यदि किसी को लाइन के दूसरी तरफ जाना रहता था तो उसके लिए कोई आॅप्शन नहीं था। लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की लाइन के ऊपर से एक फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा।

रियल टाइम क्राउड मैनेजमेंट के लिए मंडा, रींगस तक सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
पिछले मेलों में देखा गया कि मेले के दौरान खाटू कस्बे और दर्शन मार्ग में तो करीब 400 से 500 सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाते थे। लेकिन पुलिस प्रशासन के पास खाटू की तरफ आने वाले क्राउड की रियल टाइम सटीक सूचना नहीं रहती थी। इसलिए अब निर्णय किया गया है कि खाटू की तरफ आने वाले मंडा और रींगस के रास्ते पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे पुलिस रियल टाइम क्राउड मैनेजमेंट के हिसाब से अपनी व्यवस्थाएं कर सके।

बैरिकेडिंग की हाइट बढ़ाई जाएगी
श्रद्धालुओं की लाइन में जो बैरिकेडिंग की जाती है, इस बार उसकी हाइट को भी बढ़ाया जाएगा। जिससे कोई भी एक लाइन से दूसरी लाइन में जाने के लिए इन्हें पार ना करें।

नए पार्किंग स्पॉट तैयार करना
हर बार मेले में देखा जाता है कि एकादशी के दौरान भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ जाती है कि पार्किंग की बड़ी समस्या रहती है। ऐसे में इस बार नए पार्किंग स्पॉट तैयार करवाए जाएंगे। जिससे ट्रैफिक की किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो।

मीटिंग में एएसपी डॉ तेजपाल सिंह, गिरधारी लाल शर्मा, डीवाईएसपी राव आनंद कुमार, एसएचओ पवन कुमार चौबे, ट्रैफिक इंचार्ज कृष्ण कुमार धनखड़ सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद एसपी सहित सभी पुलिस अधिकारियों ने बाबा खाटूश्यामजी के दरबार में दर्शन भी किए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)