कार्यकर्ता सुनवाई कार्यक्रम सरकार और संगठन के बीच सेतु : खींवसर

भजनलाल सरकार कार्यकर्ता सुनवाइयों के माध्यम से पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध

Jan 7, 2026 - 23:29
 0  6
कार्यकर्ता सुनवाई कार्यक्रम सरकार और संगठन के बीच सेतु : खींवसर

जयपुर । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में बुधवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर द्वारा कार्यकर्ता सुनवाई आयोजित की गई। इस कार्यकर्ता सुनवाई में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं, सुझाव एवं परिवाद मंत्री के समक्ष रखे।

कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि आज प्राप्त कुल परिवादों में से लगभग 66 प्रतिशत मामले चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित रहे, जबकि शेष परिवाद अन्य विभागों से जुड़े थे। अन्य विभागों से संबंधित परिवादों को संबंधित मंत्रियों को भेज दिया गया है, ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि किसी भी कार्यकर्ता की समस्या लंबित न रहे। 

मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि आज की सुनवाई में करीब 150 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश तबादलों से संबंधित थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सुनवाई जैसे कार्यक्रम सरकार और संगठन के बीच सेतु का कार्य करते हैं और जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं को सामने लाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार कार्यकर्ताओं की भूमिका को सर्वोपरि मानते हुए ऐसी सुनवाइयों के माध्यम से पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

 वहीं संगठन स्तर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने और संगठन को मजबूत करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। कार्यकर्ता सुनवाई में भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा भी उपस्थित रहे।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)