श्याम बाबा के दो दिवसीय पाटोत्सव का हुआ आगाज
श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का हुआ आयोजन
निवाई। श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में बाबा श्याम के दो दिवसीय द्वादशम पाटोत्सव पर श्याम मंदिर में मनीष शर्मा कलकत्ता के सानिध्य में भव्य श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। धर्मार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष दिलीप इसरानी व श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष रवि अग्रवाल ने बताया कि बाबा श्याम के पाटोत्सव को लेकर बाबा श्याम का कलकत्ता के फूलों से भव्य श्रृंगार कर छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। श्याम मंदिर को भव्य लाइटिंग से सजाया गया है।
श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ में महिला-पुरुष सहित बच्चो ने भी भाग लिया। पाठ में बाबा श्याम की कथा का विस्तार से वर्णन किया गया। पाठ स्थल पर भी बाबा श्याम का मनमोहक दरबार सजाया गया। इस दौरान महिलाओं ने जमकर भक्ति नृत्य किया। उन्होंने बताया कि पाठ के बाद महाआरती कर भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। सत्येंद्र पारीक ने बताया पाटोत्सव के आयोजन को लेकर रविवार को सुबह आठ बजे कंकाली माता मंदिर से श्याम मंदिर तक भव्य निशान पदयात्रा का आयोजन होगा। रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। भजन संध्या में हेमेन्द्र सिंह रोमी खलीलाबाद एवं कनिका ग्रोवर मध्यप्रदेश सहित कई गायक भजनों की प्रस्तुति देंगे। उपाध्यक्ष राजू खंडेलवाल ने श्याम भक्तों को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?

