बीकानेर अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का हेरिटेज वॉक के साथ आगाज
बीकानेरी संस्कृति की झलक, संवाद शैली और पहनावे की विविधता ने माहौल को जीवंत बना दिया
बीकानेर. अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आगाज शुक्रवार को बीकानेर जिले में हेरिटेज वॉक के साथ शुरू हुआ। मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास और जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने फीता काटकर हेरिटेज वॉक का शुभारंभ किया। अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि तीन दिवसीय ऊंट उत्सव से बीकानेर के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही भारत सरकार के कुछ संस्थानों से लोक कलाकारों को जोड़ जाएगा। मेघवाल ने कहा कि एक हजार हवेलियों वाले बीकानेर शहर में हवेलियों को कोई आंच नहीं आने दी जाएगी।
हेरिटेज वॉक में बीकानेर की स्थापत्य कला, व्यंजन और लोक कलाओं के विविध आकर्षक रंग देखने को मिले। हैरिटेज वॉक में देशी- विदेशी सैलानी, स्थानीय निवासियों सहित जनप्रतिनिधि व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी बीकानेरी रंगों में सराबोर नजर आए। मेघवाल ने परिसर में स्थापित सूर्य नमस्कार की बारह मुद्राओं पर आधारित स्कल्पचर्स का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार के फायदों के बारे बताया और कहा कि यह मुद्राएं आमजन को सूर्य नमस्कार के नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने संदीप नौलखा की पहल पर उद्योग संघ परिसर में तैयार बिजली रहित, पर्यावरण अनुकूल जल शीतलन व्यवस्था का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने उद्योग संघ की गतिविधियों की सराहना की। केन्द्रीय कानून मंत्री ने विदेशी पावणो की अगवानी की तथा उनके साथ जाजम पर बैठकर बाजरे की रोटी, राबड़ी, खीचड़ा, सांगरी की सब्जी और पापड़-फळी सहित परम्परागत भोजन का लुत्फ उठाया।
विदेशी मेहमानों के लिए यह नया अनुभव था। कैमल फेस्टिवल में मिस्टर बीकाणा प्रतियोगिता दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। प्रतियोगिता में पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सजे प्रतिभागी अपनी व्यक्तित्व शैली, आत्मविश्वास और लोक-संस्कृति से जुड़े प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
मंच पर बीकानेरी संस्कृति की झलक, संवाद शैली और पहनावे की विविधता ने माहौल को जीवंत बना दिया है। इसमें हिस्सा लेने आए युवक हाथ में तलवार और लाठी लेकर भी पहुंचे।
20 फीट लंबी मूंछ, सिर पर 20 किलो की पगड़ी
फेस्टिवल के पहले दिन सुबह शहर की गलियों में हेरिटेज वॉक निकाली गई। वहीं दोपहर में मिस्टर बीकाणा, मिस मरवण और ढोला-मारू प्रतियोगिता हो रही है। मिस मरवण और ढोला-मारू में हिस्सा लेने के लिए 50 से ज्यादा महिलाएं सज-धज कर और 16 शृंगार करके पहुंचीं हैं। इसमें बीकानेर की नेशनल चेस प्लेयर युक्ति हर्ष भी हिस्सा ले रही हैं। वे भी 16 शृंगार के साथ पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची। इसी तरह मिस्टर बीकाणा में हिस्सा लेने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से पुरुष पहुंचे है। शहर के गिरधर व्यास अपनी 20 फीट लंबी मूंछों के साथ यहां पहुंचे। वहीं एक युवक सिर पर 20 किलो की पगड़ी बांधकर पहुंचा। इससे पूर्व सुबह लक्ष्मीनाथ मंदिर से रामपुरिया हवेली तक हेरिटेज वॉक निकाली गई।
इसमें केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल 4 किलोमीटर तक कलाकारों के साथ पैदल निकले।
हेरिटेज वॉक में दौरान विधायक जेठानंद व्यास और कलेक्टर नम्रता वृषणि भी मौजूद रहीं। ऊंट महोत्सव में 11 जनवरी तक ऊंटों को अलग-अलग अंदाज में पेश किया जाएगा। यह उत्सव परंपरा, स्वाद और बीकानेर की संस्कृति का संगम है।
What's Your Reaction?

