युवा सपनों को पूरा करने के लिए करें मेहनत : भजनलाल शर्मा

सामर्थ्य एवं प्रतिभा के दम पर हर क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित कर रही युवा शक्ति- युवाओं के संकल्प को साकार करने की दिशा में रीति-नीति बना रही सरकार- शिक्षा से लेकर रोजगार तक युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद कर रहे मजबूत

Apr 13, 2026 - 22:20
 0  10
युवा सपनों को पूरा करने के लिए करें मेहनत : भजनलाल शर्मा
युवा सपनों को पूरा करने के लिए करें मेहनत : भजनलाल शर्मा
युवा सपनों को पूरा करने के लिए करें मेहनत : भजनलाल शर्मा

जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा देश की दशा और दिशा तय करता है। युवा शक्ति को और अधिक सशक्त करने के लिए डबल इंजन की सरकार रीति और नीति के साथ काम कर रही है। युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करें, सरकार उनका पूरा साथ निभाने के लिए तत्पर है। राज्य के युवा अब सिर्फ नौकरी लेने वाले नहीं, नौकरी देने वाले भी बन रहे हैं। हमारी सरकार ने युवाओं को उनका हक दिलाने की दिशा में कई ठोस कदम उठाए हैं।

युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी एवं विकास के प्रमुख स्तम्भ-
शर्मा ने सोमवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित माय भारत बजट क्वेस्ट, राजस्थान यूथ डायलॉग में वीसी के जरिए प्रतिभागियों के साथ संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं युवा नीति जारी करने जैसे युवा हित में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। श्री शर्मा ने कहा कि माय भारत बजट क्वेस्ट जैसे मंचों के माध्यम से जब युवा देश की आर्थिक नीतियों को समझता है तो वह एक ज्यादा जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बनता है। राज्य के युवाओं ने 75 हजार से अधिक प्रतिभागियों के बीच असाधारण प्रदर्शन करते हुए अपनी विलक्षण प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जब राजस्थान के किसी गांव, कस्बे, छोटे शहर का युवा इस मंच तक पहुंचता है तो वह सिर्फ अपने लिए नहीं, अपने पूरे परिवार और अपने पूरे समाज के लिए एक उम्मीद की किरण लेकर आता है। 

रोजगार एवं स्वरोजगार के जरिए युवाओं को सशक्त कर रही सरकार-
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर जहां राजस्थान के युवा अत्याधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल अर्थव्यवस्था, हरित तकनीक, अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में भी नए प्रतिमान स्थापित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हमारी सरकार भी युवाओं के हितों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। हमने सरकार के गठन के पश्चात पेपर लीक की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। जिसके चलते डमी अभ्यर्थी, फर्जी डिग्री व भर्ती परीक्षा संबंधी अन्य अनियमिताओं के लिए 420 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पिछले 2 वर्ष में 351 से अधिक छोटी-बड़ी परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के पूर्ण पारदर्शी तरीके सेे आयोजित करवाई जा चुकी हैं। 

शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने 4 लाख भर्तियों के संकल्प को मूर्त रूप देते हुए अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी की सौगात दी है। वहीं, सरकार के प्रयासों से निजी क्षेत्र में भी अब तक 3 लाख रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिससे युवा केवल नौकरी लेने वाला नहीं बल्कि देने वाला भी बन रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान संभावनाओं से भरा प्रदेश है। यहां सौर ऊर्जा, पर्यटन, कृषि, डेयरी सहित सभी क्षेत्रों में युवाओं के लिए भरपूर अवसर हैं। हमारा लक्ष्य है कि युवा आगे बढ़े, आत्मनिर्भर बने और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाए। हमने बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सुझाव प्राप्त कर उन्हें बजट में शामिल किया। साथ ही, युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
 
कौशल प्रशिक्षण एवं तनावमुक्त वातावरण में शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता-
शर्मा ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य कौशल नीति-2025 जारी की गई। युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, प्रोत्साहन तथा समस्याओं के निस्तारण के लिए राजस्थान युवा नीति-2025 जारी की गई। साथ ही, युवाओं को करियर मार्गदर्शन एवं तनावमुक्त जीवन जीने हेतु कोटा, उदयपुर, जयपुर, बीकानेर एवं अजमेर में युवा साथी केंद्र स्थापित किए गए हैं। राज्य सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं बेहतर उपचार सेवाओं के लिए ना केवल ‘राज ममता’ कार्यक्रम की शुरूआत की, बल्कि विद्यार्थियों को मानसिक अवसाद से बचाने एवं मानसिक संबल प्रदान करने के लिए राजस्थान कोचिंग सेंटर्स (कंट्रोल एंड रेगुलेशन) कानून भी बनाया है।

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 1 लाख यंग लीडर्स तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में ‘माय भारत’ विकसित भारत की नींव में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर रहा है। यह कार्यक्रम युवाओं की प्रतिभा को तलाशने और तराशने के साथ-साथ उन्हें करियर मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, युवा मामले और खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद मदन राठौड़ सहित माय भारत बजट क्वेस्ट के 900 से अधिक चयनित प्रतिभागी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

SJK News Chief Editor (SJK News)