नकली घी फैक्ट्री पकड़ी , 7500 किलोग्राम घी जब्त
रोज 2 हजार लीटर नकली घी बनाकर बाजारों में बेचते
जयपुर. जयपुर पुलिस ने नकली घी बनाने की एक फैक्ट्री पकड़ी है। 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7500 किलोग्राम घी जब्त किया है। फैक्ट्री में वनस्पति और रिफाइंड सोयाबीन आॅयल को गर्म करके उसमें एसेंस मिलाकर घी तैयार किया जा रहा था। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली घी, कच्चा माल, पैकिंग मटेरियल और घी बनाने की मशीन मिली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रोज 2 हजार लीटर नकली घी बनाकर बाजारों में बेचते थे। नकली घी से ज्यादा प्रॉफिट कमाने और माल मार्केट में जल्दी बिके इसलिए नामी कम्पनियों - सरस, लोट्स, अमूल, महान और कृष्णा के नाम के डिब्बों में नकली घी पैक किया जाता था। एक साल से फैक्ट्री चल रही थी। आरोपी 15 किलो से 500 ग्राम तक के डिब्बे में घी पैक करते थे। यह कार्रवाई खोरा बीसल थाना पुलिस ने शनिवार शाम को की थी।
डीसीपी (ईस्ट) हनुमान प्रसाद ने बताया कि नकली घी मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें आरोपी राजेंद्र कुमार गुप्ता (55), अनिल जोशी (29), भूपेंद्र उर्फ रुपेंद्र शर्मा (30) और जगदीश शर्मा (44) शामिल हैं। अनिल जोशी और भूपेंद्र उर्फ रुपेंद्र शर्मा ग्वालियर (एमपी) के रहने वाले हैं, अभी दुर्गा विहार कॉलोनी और नाड़ी का फाटक, खोरा बीसल में रहते है। वहीं, राजेंद्र कुमार गुप्ता मथुरा (यूपी) का रहने वाला है। अभी सूर्यनगर, बैनाड़ रोड, खोरा बीसल में रहता है। जगदीश शर्मा दादी का फाटक, झोटवाड़ा का रहने वाला है। अभी खोरा बीसल में रहता है।
What's Your Reaction?

