जयपुर । जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार ब्लॉक चाकसू में दिनांक 07 मार्च 2026 से 21 मार्च 2026 तक ‘गुरु गोलवलकर स्वास्थ्य पखवाड़ा’ आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
स्वास्थ्य पखवाड़ा के दौरान ब्लॉक की 24 ग्राम पंचायतों एवं नगरपालिका क्षेत्र के शहरी वार्डों में प्रतिदिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। इन टीमों में एक उप जिला अस्पताल, सात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीएचसी तथा 21 सब-सेंटर शामिल हैं, जो विशेष अभियान के माध्यम से आमजन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रहे हैं।
मुख्य आयोजना अधिकारी डॉ. सुदीप कुमावत ने बताया कि पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के लिए प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, जिनकी प्राप्ति के लिए सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं। मातृ स्वास्थ्य के अंतर्गत एएनसी रजिस्ट्रेशन, नियमित जांच, शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना तथा एनीमिया की जांच एवं उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां, टीबी संभावित रोगियों की पहचान, जांच एवं उपचार के माध्यम से ‘टीबी मुक्त’ लक्ष्य की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग के अंतर्गत 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की कुल 56 हजार 294 जनसंख्या में से अब तक 45 हजार 370 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अभियान के दौरान शेष पात्र जनसंख्या की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. कुमावत ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रतिदिन 50 व्यक्तियों की एनसीडी स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीमें निरंतर कार्यरत हैं।