खेलों का शानदार माहौल देखकर फिर से मैदान में उतरने का मन करता है: राठौड़
राजस्थान के अलग-अलग शहरों में केआईयूजी का भव्य आयोजन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हुआ
जयपुर। खेलों के इतिहास में एक नया आयाम रचते हुए जयपुर में भव्य रंगारंग कार्यक्रम के साथ ही खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का समापन हो गया। 24 नवंबर से शुरू हुए इस भव्य आयोजन में खेल प्रतिभाओं ने अपने टेलेंट से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम डॉ प्रेमचंद बैरवा और प्रदेश के खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ उपस्थित थे। खेल मंत्री राज्यवर्धन ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के समापन समारोह को संबोधित करते हुए इस भव्य आयोजन की सफलता के लिए खिलाड़ियों, वॉलेंटियर्स को धन्यवाद दिया और खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से राजस्थान के अलग-अलग शहरों में केआईयूजी का भव्य आयोजन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हुआ। राज्यवर्धन राठौड़ ने खेल आयोजनों के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि हमारे समय में जब हम दूसरे शहरों में खेलने जाया करते थे तब ट्रेन में रिजर्वेशन तक नहीं मिलता था। लेकिन आज ये स्थितियां बदल चुकी हैं। केआईयूजी के दौर में इन स्थितियों में आमूलचूल परिवर्तन आया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश की वनमैन आर्मी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के बाद सारा माहौल बदल दिया है। एक खिलाड़ी होने के नाते मैं उनका आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने खेलों पर फोकस किया और खेलों को बदला। उन्होंने खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ाया है। आज खेल के मैदान को देखते हुए गर्व महसूस होता है।
राठौड़ ने कहा कि आज खिलाड़ियों को विश्वस्तर की सुविधाएं और शानदार व्यवस्थाएं मिल रही हैं। इस माहौल को देखते हुए अच्छा लगता है और मेरा भी मन करता है कि मैं आज फिर से खेलूं, फिर मैदान में उतरूं। उन्होंने कहा कि खेल केवल हार और जीत के लिए नहीं होते ये दोस्ती के लिए भी होते हैं। आए खिलाड़ी देश के दूसरे हिस्सों से आए खिलाड़ियों से मिले, उनमें दोस्ती हुई। इसी मंच से एक भारत श्रेष्ठ भारत बनेगा। यही हमारे प्रधानमंत्री जी चाहते हैं कि पूरे देश में यही माहौल बने और हमारे खिलाड़ी दूसरे देशों में तिरंगा फहरा कर आएं।
What's Your Reaction?

