कलेक्टर ने अन्नपूर्णा रसोई में खाना खाया, खाने में तेज लगी मिर्ची
पूछा-इतनी मिर्च खाते हैं क्या, रसोई संचालक बोला-लोग तो ये मिर्च कम बताते है
टोंक. टोंक कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने अन्नपूर्णा रसोई में खाना खाया, जहां मिर्ची ज्यादा होने पर उन्होंने रसोई संचालक से सवाल किया। खाने में मिर्ची ज्यादा होने पर कलेक्टर ने रसोई संचालक से पूछा- क्या यहां लोग भी कोटा की तरह ज्यादा मिर्ची खाते हैं? दरअसल, शुक्रवार को टोंक कलेक्टर शहर के दौरे पर निकली थीं। इस दौरान उन्होंने रोडवेज बस स्टैंड का भी निरीक्षण किया। यहां सफाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। कलेक्टर बस स्टैंड का निरीक्षण कर वहां बनी अन्नपूर्णा रसोई में पहुंचीं। यहां उन्होंने लंच किया और सामान्य लोगों की तरह बैंच पर बैठकर खाना खाया ।
खाना खाने के दौरान कलेक्टर को मिर्ची ज्यादा लगी, जिस पर उन्होंने रसोई संचालक से पूछा, क्या टोंक के लोग भी कोटा की तरह ज्यादा मिर्ची खाते हैं? संचालक ने जवाब दिया - मैम, यहां के लोग तो इस खाने को भी कम बताते हैं। संचालक ने यह भी बताया कि यहां मथानिया मिर्च उपयोग में लेते है जो बहुत मशहूर है। कलेक्टर ने मुस्कुराते हुए कहा कि - कोटा में लोग मिर्ची खाते हैं, और यहां भी ऐसा होना अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि मैंने कई जगह खाना खाया है, यहां मिर्ची जरूर तेज है, लेकिन खाना अच्छा है। कलेक्टर ने रसोई संचालक से रोजाना मेन्यू के बारे में भी पूछा।
उन्होंने दाल, गोभी, कद्दू, लौकी, सोयाबीन और कढ़ी जैसे व्यंजनों की उपलब्धता की जानकारी ली, और खासकर हरी सब्जी रोजाना मिलने के बारे में पूछा। संचालक ने जवाब दिया...हां, हरी सब्जी यहां रोजाना बनती है। व्यवस्थाओं का किया जायजा निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को बस स्टैंड की सफाई करते कर्मचारी मिले। इस पर वहां मौजूद लोग कहते भी सुने गए कि कलेक्टर के निरीक्षण की जानकारी मिलते ही रोडवेज प्रबंधन ने तेजी से सफाई शुरू करवाई है, वरना यहां की व्यवस्थाएं हमेशा भगवान भरोसे रहती हैं।
What's Your Reaction?

